
दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) की स्थायी समिति के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए 27 जुलाई 2026 को निगम मुख्यालय सिविक सेंटर में चुनाव कराया गया। इस चुनाव में वार्ड संख्या-226 (गौतमपुरी) की भाजपा पार्षद सत्या शर्मा को स्थायी समिति का अध्यक्ष और वार्ड संख्या-248 (करावल नगर वेस्ट) के भाजपा पार्षद सत्यपाल सिंह को उपाध्यक्ष पद के लिए निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। दोनों नेताओं के निर्विरोध चुने जाने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं और पार्षदों ने खुशी जताई।
सत्या शर्मा ने शीर्ष नेतृत्व का जताया आभार
निर्वाचन के बाद सत्या शर्मा ने कहा कि यह जिम्मेदारी उनके लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का धन्यवाद करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और भाजपा दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा का मार्गदर्शन उन्हें लगातार मिलता रहा है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन पर जो विश्वास जताया है, वह उसे पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाने का प्रयास करेंगी।
सत्या शर्मा ने रखा पांच बड़े संकल्पों वाला विजन
अपने नए कार्यकाल की शुरुआत करते हुए सत्या शर्मा ने कहा कि उनका पूरा कार्यकाल पांच महत्वपूर्ण संकल्पों पर आधारित रहेगा। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं बल्कि उन्हें जमीन पर उतारना होगा ताकि दिल्ली के लोगों को उसका सीधा लाभ मिल सके।
स्वच्छ दिल्ली का संकल्प
सत्या शर्मा ने कहा कि दिल्ली को साफ, सुंदर और स्वच्छ बनाना उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। उन्होंने कहा कि कूड़ा प्रबंधन को और मजबूत किया जाएगा, सफाई व्यवस्था में सुधार होगा और शहर के हर इलाके में बेहतर सफाई सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।
स्वस्थ दिल्ली का लक्ष्य
उन्होंने कहा कि निगम के अस्पतालों, डिस्पेंसरियों और स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाया जाएगा ताकि लोगों को समय पर अच्छी चिकित्सा सुविधाएं मिल सकें। जनस्वास्थ्य से जुड़ी सेवाओं को भी मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
शिक्षित दिल्ली का संकल्प
सत्या शर्मा ने कहा कि निगम के स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने, आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने और बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बेहतर शिक्षा से ही दिल्ली का भविष्य मजबूत होगा।
सुशासन को मिलेगी प्राथमिकता
उन्होंने कहा कि निगम के कामकाज में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाई जाएगी। तकनीक का अधिक उपयोग किया जाएगा ताकि लोगों को सेवाएं जल्दी और आसान तरीके से मिल सकें। हर निर्णय में जनता के हित को सबसे ऊपर रखा जाएगा।
सशक्त निगम बनाने की योजना
सत्या शर्मा ने कहा कि दिल्ली नगर निगम को आर्थिक और प्रशासनिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में लगातार काम किया जाएगा ताकि निगम आत्मनिर्भर बने और लोगों को बेहतर नागरिक सुविधाएं समय पर उपलब्ध करा सके।
पक्ष और विपक्ष दोनों को मिलेगा पूरा सम्मान
सत्या शर्मा ने कहा कि स्थायी समिति लोकतांत्रिक तरीके से काम करेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि समिति में पक्ष और विपक्ष के सभी पार्षदों को अपनी बात रखने का पूरा अवसर दिया जाएगा। हर जनहित के मुद्दे पर खुलकर चर्चा होगी और अच्छे सुझावों का स्वागत किया जाएगा। उनका कहना था कि राजनीति से ऊपर उठकर जनता के हित में फैसले लेना ही उनकी प्राथमिकता होगी।
भाजपा के वादों को पूरा करने पर रहेगा जोर
सत्या शर्मा ने कहा कि वर्ष 2022 के दिल्ली नगर निगम चुनाव में भाजपा ने दिल्ली की जनता से जो वादे किए थे, उन्हें पूरा करने की दिशा में तेजी से काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पिछले बजट में घोषित जनहित की योजनाओं और विकास परियोजनाओं को समय पर पूरा कराने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे।
दिल्ली के विकास कार्यों को मिलेगी नई गति
सत्या शर्मा ने कहा कि दिल्ली में भाजपा की ट्रिपल इंजन सरकार के कारण विकास कार्यों में तेजी आई है। उन्होंने कहा कि भलस्वा, गाजीपुर और ओखला के कूड़े के पहाड़ लगातार छोटे हो रहे हैं और उन्हें तय समय में पूरी तरह खत्म करने का प्रयास जारी है। इसके अलावा सफाई व्यवस्था, ठोस कचरा प्रबंधन, पार्कों के विकास, सड़कों के रखरखाव और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने पर लगातार काम किया जा रहा है।
समय पर फंड मिलने से विकास कार्य तेज हुए
सत्या शर्मा ने कहा कि दिल्ली सरकार द्वारा समय पर वित्तीय सहायता उपलब्ध कराए जाने के कारण निगम कर्मचारियों को हर महीने की पहली तारीख को समय पर वेतन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि समय पर फंड मिलने से विकास परियोजनाओं और जनहित की योजनाओं को भी तय समय में पूरा करने में मदद मिल रही है। इससे लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं।
सभी से मांगा सहयोग
अपने संबोधन के अंत में सत्या शर्मा ने निगम के अधिकारियों, कर्मचारियों, सभी राजनीतिक दलों के पार्षदों और दिल्लीवासियों से सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी के सामूहिक प्रयासों से दिल्ली नगर निगम को और अधिक मजबूत, पारदर्शी, जवाबदेह और जनसेवा के लिए समर्पित संस्था बनाया जा सकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में दिल्ली के विकास और नागरिक सुविधाओं में और अधिक सुधार देखने को मिलेगा।