
पंजाब/नई दिल्ली, 18 जुलाई 2026।
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने पंजाब के मुकेरियां में आयोजित “एक शाम भगवान शिव दे नाल” भजन संध्या कार्यक्रम में महिलाओं के लिए बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि 1 अगस्त 2026 को मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार नई रजिस्ट्रेशन कराने वाली 50 लाख से अधिक महिलाओं के बैंक खातों में सम्मान राशि भेजेगी। उन्होंने कहा कि जिन महिलाओं को अभी तक योजना का लाभ नहीं मिला है, उन्हें चिंता करने की जरूरत नहीं है। सरकार उन्हें जुलाई, अगस्त और सितंबर तीनों महीनों की राशि एक साथ देगी।
अरविंद केजरीवाल ने महिलाओं को दी बड़ी खुशखबरी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पंजाब सरकार महिलाओं के सम्मान और आर्थिक मजबूती के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि 1 जुलाई को योजना की शुरुआत के समय 32 लाख महिलाओं के खातों में सम्मान राशि भेजी गई थी। अब 1 अगस्त को यह संख्या बढ़कर 50 लाख से अधिक हो जाएगी। उन्होंने कहा कि जिन महिलाओं ने अपना पंजीकरण करा लिया है लेकिन अभी तक उनके खाते में पैसे नहीं पहुंचे हैं, उन्हें परेशान होने की आवश्यकता नहीं है। सरकार सभी पात्र महिलाओं को जुलाई, अगस्त और सितंबर तीनों महीनों की राशि देगी।
हर महीने महिलाओं को मिल रही है सम्मान राशि
अरविंद केजरीवाल ने बताया कि पंजाब सरकार सामान्य वर्ग की पात्र महिलाओं के बैंक खातों में हर महीने एक हजार रुपये भेज रही है। वहीं दलित समाज की महिलाओं को हर महीने पंद्रह सौ रुपये की सम्मान राशि दी जा रही है। उन्होंने कहा कि यह योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
भगवंत मान की ईमानदारी की जमकर तारीफ
अपने संबोधन में अरविंद केजरीवाल ने मुख्यमंत्री भगवंत मान की ईमानदारी की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि पंजाब में पहली बार ऐसा मुख्यमंत्री मिला है जिस पर, उसके परिवार पर या उसके मंत्रियों पर भ्रष्टाचार का कोई आरोप नहीं लगा है। उन्होंने कहा कि पहले की सरकारों के समय भ्रष्टाचार के आरोप आम बात थे, लेकिन भगवंत मान ने ईमानदारी से सरकार चलाकर लोगों का विश्वास जीता है। इसी वजह से सरकार जनता के लिए मुफ्त बिजली, महिलाओं को सम्मान राशि और कई अन्य जनकल्याणकारी योजनाएं चला पा रही है।
मुफ्त बिजली योजना का भी किया जिक्र
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आज पंजाब के लाखों परिवारों के बिजली के बिल शून्य आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह सब इसलिए संभव हो पाया क्योंकि सरकार ईमानदारी से काम कर रही है और जनता के पैसे का सही उपयोग कर रही है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार जनता की सुविधा के लिए दिन-रात काम कर रही है और हर वर्ग को राहत पहुंचाने का प्रयास कर रही है।
तीर्थ यात्रा योजना में तीन नए रूट जोड़ने का ऐलान
कार्यक्रम के दौरान अरविंद केजरीवाल ने तीर्थ यात्रा योजना को लेकर भी नई घोषणा की। उन्होंने बताया कि अभी तक इस योजना के तहत श्रद्धालुओं को दरबार साहिब और आनंदपुर साहिब की मुफ्त यात्रा कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि 1 अगस्त से इस योजना में तीन नए रूट भी शामिल किए जाएंगे। अब श्रद्धालु सालासर-खाटू श्याम जी, मथुरा-वृंदावन और हरिद्वार-ऋषिकेश की यात्रा भी मुफ्त कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि सरकार यात्रियों के आने-जाने, वातानुकूलित बस, होटल और भोजन का पूरा खर्च वहन करेगी तथा करीब डेढ़ लाख श्रद्धालुओं को इन धार्मिक स्थलों की यात्रा कराई जाएगी।
भगवान वाल्मीकि मंदिर के पास बनेगा भव्य मंदिर
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि अमृतसर स्थित भगवान वाल्मीकि मंदिर का धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व बहुत बड़ा है। उन्होंने कहा कि सरकार ने इस मंदिर के पास माता सीता, लव और कुश का एक भव्य मंदिर बनाने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि इस परियोजना का उद्देश्य धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को और मजबूत बनाना है ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
पटियाला के काली माता मंदिर का होगा भव्य विकास
अरविंद केजरीवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में पटियाला स्थित प्रसिद्ध काली माता मंदिर का भी बड़े स्तर पर विकास किया जा रहा है।’उन्होंने कहा कि इस परियोजना पर लगभग 80 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं और यह कार्य 1 अक्टूबर तक पूरा होने की उम्मीद है। इसके बाद श्रद्धालुओं को पहले से बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
पूरे पंजाब में हो रही हैं भजन संध्याएं
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि “एक शाम भगवान शिव दे नाल” भजन संध्या कार्यक्रम केवल मुकेरियां तक सीमित नहीं है। यह आयोजन पंजाब के 22 शहरों में किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लोगों का कहना है कि पहली बार कोई सरकार सनातन संस्कृति और धार्मिक स्थलों के विकास के लिए इतने बड़े स्तर पर काम कर रही है। सरकार धार्मिक आस्था के साथ-साथ जनता की सुविधाओं का भी पूरा ध्यान रख रही है।
भगवंत मान को दोबारा मुख्यमंत्री बनाने की अपील
अपने संबोधन के अंत में अरविंद केजरीवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान दिन-रात पंजाब की जनता की सेवा में लगे हुए हैं। उन्होंने कहा कि ईमानदार सरकार ही लोगों को मुफ्त बिजली, महिलाओं को सम्मान राशि, तीर्थ यात्रा जैसी सुविधाएं और विकास कार्य दे सकती है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि यदि पंजाब में विकास की यही गति बनाए रखनी है और जनकल्याण की योजनाओं को आगे बढ़ाना है, तो भगवंत मान को दोबारा मुख्यमंत्री बनने का अवसर देना चाहिए।