"National   Voice  -   खबर देश की, सवाल आपका"   -    *Breaking News*   |     "National   Voice  -   खबर देश की, सवाल आपका"   -    *Breaking News*   |     "National   Voice  -   खबर देश की, सवाल आपका"   -    *Breaking News*   |    

अर्जुन राम मेघवाल, हर्ष मल्होत्रा और विनय सहस्रबुद्धे ने किया संबोधित, लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ का दिया संदेश

नई दिल्ली, 4 नवंबर।

पूर्वी दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी द्वारा लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ के नारे के साथ विशाल पदयात्रा का आयोजन किया गया। यह पदयात्रा करकड़ी मोड़ से शुरू होकर विकास मार्ग होते हुए निर्माण विहार तक निकाली गई। इसमें 20 हजार से अधिक भाजपा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। पदयात्रा का नेतृत्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल और दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने किया। इस अवसर पर दिल्ली भाजपा प्रभारी विनय सहस्रबुद्धे और दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा भी मौजूद रहे।

अर्जुन राम मेघवाल ने कांग्रेस पर साधा निशाना

केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि कांग्रेस और विपक्षी दल चुनाव आयोग पर लगातार आरोप लगा रहे हैं, लेकिन उनके पास अपने आरोपों को साबित करने के लिए कोई ठोस प्रमाण नहीं है। यदि विपक्ष को चुनाव आयोग से कोई परेशानी है तो उसे संवैधानिक और कानूनी तरीके से अपनी बात रखनी चाहिए। उन्होंने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं पर दबाव बनाना और उन्हें राजनीतिक विवादों में घसीटना उचित नहीं है। भाजपा की इस पदयात्रा का उद्देश्य लोकतंत्र और संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा को बनाए रखना है। अर्जुन राम मेघवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके स्वर्गीय पिता के खिलाफ की गई कथित अभद्र टिप्पणी की भी निंदा की। उन्होंने कहा कि राजनीतिक विरोध अपनी जगह है, लेकिन किसी के परिवार और दिवंगत परिजनों के बारे में गलत भाषा का इस्तेमाल करना भारतीय राजनीतिक संस्कृति के विरुद्ध है।

राहुल गांधी संसद में आकर करें चर्चा – हर्ष मल्होत्रा

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि राहुल गांधी को किसी भी विषय पर चर्चा करनी है तो उन्हें संसद में आकर अपनी बात रखनी चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार विपक्ष के हर सवाल पर चर्चा करने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और राहुल गांधी केवल आरोप लगाने और जनता को गुमराह करने की राजनीति कर रहे हैं। कांग्रेस को अपने राजनीतिक भविष्य पर विचार करना चाहिए। हर्ष मल्होत्रा ने ईवीएम, चुनाव आयोग और मतदाता सूची के मुद्दे पर भी कांग्रेस को घेरा। उन्होंने कहा कि चुनाव में जीत मिलने पर कांग्रेस ईवीएम पर सवाल नहीं उठाती, लेकिन हारने पर चुनाव व्यवस्था को गलत बताने लगती है। उन्होंने कहा कि देश की मतदाता सूची में पात्र नागरिकों के नाम होने चाहिए और चुनाव आयोग को कानून के अनुसार काम करना चाहिए।

एसआईआर लोकतंत्र को मजबूत बनाने की प्रक्रिया – विनय सहस्रबुद्धे

दिल्ली भाजपा प्रभारी विनय सहस्रबुद्धे ने कहा कि एसआईआर यानी विशेष गहन पुनरीक्षण एक कानूनी और संवैधानिक प्रक्रिया है। इसका उद्देश्य मतदाता सूची को सही और पारदर्शी बनाना है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा वोट बैंक की राजनीति करती रही है। इसी कारण कई महत्वपूर्ण राष्ट्रीय विषयों पर सही समय पर निर्णय नहीं लिए गए। उन्होंने अनुच्छेद 370 और तीन तलाक जैसे विषयों का भी उल्लेख किया। विनय सहस्रबुद्धे ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए मतदाता सूची में केवल पात्र भारतीय नागरिकों के नाम होने चाहिए। भाजपा देश की संवैधानिक संस्थाओं और लोकतांत्रिक व्यवस्था की रक्षा के लिए लगातार जनता के बीच जागरूकता अभियान चला रही है।

कपिल मिश्रा सहित कई भाजपा नेता रहे मौजूद

इस पदयात्रा में दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा, प्रदेश महामंत्री विष्णु मित्तल, योगिता सिंह, मोहनलाल गिहारा, विजय सोलंकी, ललित जोशी, विधायक मोहन सिंह बिष्ट, अभय वर्मा, अरविंदर सिंह लवली, ओमप्रकाश शर्मा, जितेंद्र महाजन, संजय गोयल, रवि नेगी सहित अनेक भाजपा नेता और जनप्रतिनिधि शामिल हुए। कार्यक्रम का संचालन विष्णु मित्तल ने किया। भाजपा के शाहदरा, मयूर विहार, उत्तर पूर्वी और नवीन शाहदरा जिलों के कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया।

कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ ने दिखाया उत्साह

पदयात्रा में 20 हजार से अधिक कार्यकर्ता शामिल हुए। इसकी विशालता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि जब पदयात्रा का पहला हिस्सा निर्माण विहार पहुंच गया था, तब भी अंतिम हिस्सा करकड़ी मोड़ पर मौजूद था। पूरे रास्ते कार्यकर्ता उत्साह के साथ नारे लगाते हुए आगे बढ़ते रहे। इस दौरान “मोदी कहीं नहीं जाएंगे, मोदी यहीं रहेंगे” जैसे नारे भी लगाए गए। कार्यक्रम के अंत में भाजपा नेताओं ने सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। पदयात्रा के माध्यम से भाजपा ने लोकतंत्र की रक्षा, संवैधानिक संस्थाओं के सम्मान और एसआईआर के समर्थन का संदेश जनता तक पहुंचाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *