उत्तरकाशी/उत्तराखंड – अक्षय तृतीया के शुभ अवसर पर बुधवार को गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट वैदिक मंत्रोच्चारण व विधिवत पूजा-अर्चना केसाथ श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। इसके साथ ही उत्तराखंड की बहुप्रतीक्षित चारधाम यात्रा 2025 का भी औपचारिक शुभारंभ हो गया।
मुख्यमंत्री धामी ने की प्रधानमंत्री के नाम से पहली पूजा
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गंगोत्री और यमुनोत्री दोनों धामों में कपाटोद्घाटन समारोह में भाग लिया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से पहली पूजाका संकल्प लिया। सीएम धामी यमुनोत्री धाम के कपाटोद्घाटन में शरीक होने वाले पहले मुख्यमंत्री बन गए हैं। उन्होंने देश और प्रदेश की समृद्धि, शांति और सफल चारधाम यात्रा की कामना करते हुए विशेष प्रार्थना की।
गंगोत्री में पूजा के बाद खुले कपाट
गंगोत्री धाम में बुधवार प्रातः मां गंगा की उत्सव डोली भैरव घाटी से रवाना होकर मंदिर प्रांगण पहुंची। पूर्वाह्न 10:30 बजे विशेष पूजा और वैदिकमंत्रोच्चारण के बाद मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने मां गंगा की आराधना कर पुण्य प्राप्त किया।
यमुनोत्री धाम में भी श्रद्धा का सैलाब
मां यमुना की डोली शीतकालीन प्रवास स्थल खरसाली से शनिदेव महाराज की अगुवाई में यमुनोत्री धाम पहुंची। 11:55 बजे यमुनोत्री मंदिर के कपाटखोले गए। यहां भी देश-विदेश से हजारों श्रद्धालु पहुंचे और अखंड ज्योति के दर्शन कर गंगा व यमुना में आस्था की डुबकी लगाई।
हेलीकॉप्टर से हुई पुष्प वर्षा
गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में कपाट खुलने के समारोह के दौरान दोनों मंदिरों पर हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा की गई, जिसने माहौल को भक्तिमय औरदिव्य बना दिया।
सीएम ने लोक देवताओं की डोलियों से लिया आशीर्वाद
मुख्यमंत्री ने दोनों धामों में पहुंचे लोक देवताओं की डोलियों से भी आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने मंदिर में शीश नवाते हुए विशेष पूजा-अर्चना की औरसभी श्रद्धालुओं को चारधाम यात्रा की शुभकामनाएं दीं।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए किए गए व्यापक इंतजाम
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए यात्रा मार्गों पर सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं।स्वास्थ्य, परिवहन, आवास और आपातकालीन सेवाओं की व्यवस्था को प्राथमिकता दी गई है।
‘ग्रीन एंड क्लीन यात्रा’ के लिए की गई अपील
मुख्यमंत्री ने सभी श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों से ग्रीन और क्लीन चारधाम यात्रा के लिए सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि देवभूमिउत्तराखंड की पवित्रता बनाए रखने की जिम्मेदारी हम सभी की है, और अतिथि देवो भवः की परंपरा के अनुरूप सभी यात्रियों को सुखद अनुभव दिलानाहमारा उद्देश्य है।
उपस्थित रहे कई वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि
गंगोत्री धाम के कार्यक्रम में विधायक सुरेश चौहान, गंगोत्री मंदिर समिति के अध्यक्ष धर्मानंद सेमवाल, पूर्व विधायक विजय पाल सजवाण, जिलाधिकारी डॉ. मेहरबान सिंह बिष्ट, और एसपी सरिता डोबाल मौजूद रहे। वहीं यमुनोत्री धाम में मुख्य विकास अधिकारी एसएल सेमवाल, एसडीएम बृजेश तिवारी, मंदिर समिति उपाध्यक्ष संजीव उनियाल और सचिव सुनील उनियाल भी उपस्थित थे।