
सीआईएसएफ ने अपने बल कर्मियों का मनोबल बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए सीनियर कांस्टेबलों के लिए एक विशिष्ट इंसिग्निया (चिन्ह) की शुरुआत की है। इस कदम का उद्देश्य राष्ट्र के प्रति उनकी दीर्घकालिक, अनुशासित और समर्पित सेवा के अनुभव को सम्मानित एवं मान्यता प्रदान करना है। नई दिल्ली स्थित सीआईएसएफ मुख्यालय में एक औपचारिक आदेश जारी कर 32545 कांस्टेबलों को यह इंसिग्निया धारण करने के लिए अधिकृत किया गया है।
अमूल्य सहयोग को भी स्वीकार
सिपाहियों का मनोबल बढ़ाने और उनकी सेवाओं की पहचान के लिए विशिष्ट चिन्ह प्रदान करने की शुरुआत की गई है। इस मौके पर शनिवार को 50 कांस्टेबलों के लिए एक गरिमामय पिनिंग समारोह आयोजित किया गया। इसमें सीआईएसएफ के महानिदेशक प्रवीर रंजन सहित दूसरे वरिष्ठ अफसरों ने विशिष्ट इंसिग्निया प्रदान किया। महानिदेशक ने कांस्टेबलों की दीर्घ, स्वच्छ एवं समर्पित सेवा की सराहना की। उन्होंने भविष्य में भी इसी उत्साह, अनुशासन और प्रतिबद्धता के साथ सेवा जारी रखने पर बल दिया। कांस्टेबलों के चुनौतीपूर्ण कार्य-स्वरूप को रेखांकित करते हुए प्रवीर रंजन ने उनके परिवारों के अमूल्य सहयोग को भी स्वीकार किया।