
भारत और पाकिस्तान के बीच टी20 विश्व कप में 15 फरवरी को मुकाबला होना है। विश्व कप अभी शुरू भी नहीं हुआ है, लेकिन भारत और पाकिस्तान के बीच प्रतिद्वंद्विता बढ़ती जा रही है। पाकिस्तान ने बांग्लादेश का समर्थन करते हुए अप्रत्याशित रूप से टूर्नामेंट का बहिष्कार करने की धमकी दी थी और अब इसे लेकर पूर्व भारतीय कप्तान कृष्णामचारी श्रीकांत ने पड़ोसी देश के मजे लिए हैं। श्रीकांत ने कहा कि दुनिया भर की टीमें टी20 विश्व कप में सूर्यकुमार यादव की टीम का सामना करने से डरेंगी। श्रीकांत ने मजाक में पाकिस्तान को टूर्नामेंट में भाग न लेने की सलाह भी दे डाली। उन्होंने पीसीबी प्रमुख मोहसिन नकवी की हालिया धमकी का जिक्र किया, जिसमें उन्होंने बांग्लादेश को इस प्रतिष्ठित आयोजन से बाहर करने के समर्थन में बहिष्कार की बात कही थी।
लक्ष्य 15.2 ओवर में ही पूरा कर लिया
न्यूजीलैंड के खिलाफ चल रही पांच मैचों की टी20 सीरीज में भारत ने शानदार प्रदर्शन किया है। यह टी20 विश्व कप से पहले भारत की आखिरी सीरीज है। रविवार को गुवाहाटी में खेले गए तीसरे मैच में भारत ने 154 रनों के लक्ष्य को मात्र 10 ओवरों में हासिल कर लिया। अभिषेक शर्मा ने 14 गेंदों में अर्धशतक जड़ा और कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 26 गेंदों में 57 रन बनाए। इससे पहले भारत ने दूसरे टी20 मैच में 209 रनों का लक्ष्य 15.2 ओवर में ही पूरा कर लिया था।
क्रिकेट टीम को एक संकेत मिलेगा
श्रीकांत ने अपने यू-ट्यूब चैनल पर कहा, पिछले मैच में भारत ने 15 ओवर में 209 रन बनाए थे। इस मैच में उन्होंने 10 ओवर में 150 रन बनाए। इसे देखकर कई टीमें कह सकती हैं कि नहीं, हम नहीं आ रहे। आप कप अपने पास रख सकते हैं। अरे पाकिस्तान, मत आना। तुम्हारा आदमी मोहसिन नकवी यही कह रहा है कि मत आना। तुम्हारी बुरी तरह पिटाई होगी। कोलंबो में लगा छक्का मद्रास में जाकर गिरेगा। सावधान रहो। सबसे अच्छा विकल्प है दूर रहना। कोई बहाना ढूंढो और मत आना। ये लड़के पाकिस्तान को बुरी तरह पीटेंगे। इससे दुनिया की हर क्रिकेट टीम को एक संकेत मिलेगा। टी20 क्रिकेट में इस तरह की बल्लेबाजी मैंने पहले कभी नहीं देखी।