"National   Voice  -   खबर देश की, सवाल आपका"   -    *Breaking News*   |     "National   Voice  -   खबर देश की, सवाल आपका"   -    *Breaking News*   |     "National   Voice  -   खबर देश की, सवाल आपका"   -    *Breaking News*   |    

देवेंद्र यादव ने नहीं भरा था फॉर्म-8, बिना अनुमति फॉर्म भरने वाले की जांच हो – कांग्रेस

राजेश गर्ग बोले- रिसीविंग होने के बाद भी मतदाता सूची से गायब हैं लोगों के नाम

नई दिल्ली, 15 अक्टूबर 2026।

दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने ड्राफ्ट मतदाता सूची में गड़बड़ियों को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। कांग्रेस ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी से मांग की है कि मतदाता सूची से जुड़े मामलों की जांच की जाए और पात्र मतदाताओं के नाम जल्द शामिल किए जाएं। बैठक में दिल्ली कांग्रेस की ओर से बूथ मैनेजमेंट कमेटी के चेयरमैन श्री राजेश गर्ग और लीगल डिपार्टमेंट के चेयरमैन एडवोकेट सुनील कुमार ने हिस्सा लिया। बैठक में दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री देवेंद्र यादव के नाम पर बिना उनकी अनुमति के ऑनलाइन फॉर्म-8 भरे जाने का मामला भी उठाया गया। इसके अलावा, उन मतदाताओं के नाम सूची में शामिल नहीं होने का मुद्दा उठाया गया, जिन्होंने एन्यूमरेशन फॉर्म जमा किया था और जिनके पास बीएलओ की हस्ताक्षर वाली रिसीविंग भी मौजूद है।

देवेंद्र यादव के नाम पर ऑनलाइन फॉर्म-8 भरने का मामला

दिल्ली कांग्रेस ने बैठक में बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान किसी व्यक्ति ने दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री देवेंद्र यादव के नाम पर ऑनलाइन फॉर्म-8 भर दिया था। कांग्रेस के अनुसार, श्री देवेंद्र यादव ने न तो खुद यह फॉर्म भरा था और न ही किसी दूसरे व्यक्ति को अपनी ओर से फॉर्म भरने के लिए अधिकृत किया था। इस मामले को गंभीर बताते हुए दिल्ली कांग्रेस ने कहा कि किसी व्यक्ति की जानकारी और अनुमति के बिना उसके नाम पर फॉर्म भरा जाना चिंता का विषय है। इसलिए इस मामले की पूरी जांच होनी चाहिए और यह पता लगाया जाना चाहिए कि फॉर्म किसने भरा।

6 अक्टूबर को शिकायत देने के बाद भी कार्रवाई नहीं होने का आरोप

दिल्ली कांग्रेस के लीगल डिपार्टमेंट के चेयरमैन एडवोकेट सुनील कुमार ने बैठक में बताया कि श्री देवेंद्र यादव की ओर से इस मामले की शिकायत दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी और पुलिस में 6 अक्टूबर 2026 को दी गई थी। एडवोकेट सुनील कुमार ने कहा कि शिकायत दिए जाने के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने मुख्य निर्वाचन अधिकारी से मांग की कि इस पूरे मामले की विस्तृत जांच कराई जाए और दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए।कांग्रेस ने कहा कि इस तरह के मामलों में सच्चाई सामने आनी चाहिए और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कदम उठाए जाने चाहिए।

फॉर्म जमा करने के बाद भी मतदाता सूची में नाम नहीं

बैठक में बूथ मैनेजमेंट कमेटी के चेयरमैन श्री राजेश गर्ग ने ड्राफ्ट मतदाता सूची में पात्र मतदाताओं के नाम शामिल नहीं होने का मुद्दा उठाया।उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में ऐसे लोगों के नाम ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल नहीं किए गए हैं, जिन्होंने एन्यूमरेशन फॉर्म भरा था और संबंधित बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) को जमा भी किया था। इन मतदाताओं के पास बीएलओ के हस्ताक्षर वाली रिसीविंग भी उपलब्ध है।श्री राजेश गर्ग ने कहा कि हैरानी की बात यह है कि फॉर्म जमा करने और उसकी रिसीविंग मिलने के बावजूद इन लोगों के नाम मतदाता सूची में नहीं दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने मांग की कि ऐसे सभी मामलों की जांच करके पात्र मतदाताओं के नाम सूची में शामिल किए जाएं।

ईएफ रिफ्यूज श्रेणी में नाम दर्ज होने पर सवाल

राजेश गर्ग ने कहा कि कई ऐसे मतदाताओं के नाम ईएफ रिफ्यूज श्रेणी में दर्ज किए गए हैं, जिन्होंने अपना एन्यूमरेशन फॉर्म जमा किया था। इस श्रेणी का मतलब है कि मतदाता ने फॉर्म देने से इनकार कर दिया था। उन्होंने कहा कि जब मतदाता के पास बीएलओ के हस्ताक्षर वाली रिसीविंग मौजूद है, तो उसके मामले की जांच करना जरूरी है। उन्होंने सवाल उठाया कि फॉर्म जमा करने के बाद भी ऐसे मतदाताओं को फॉर्म देने से इनकार करने वाली श्रेणी में कैसे दर्ज किया गया। दिल्ली कांग्रेस ने मांग की कि संबंधित रिकॉर्ड की जांच करके इस गड़बड़ी को ठीक किया जाए और पात्र मतदाताओं को उनका अधिकार दिलाया जाए।

दोबारा फॉर्म-6 भरवाए बिना नाम शामिल करने की मांग

राजेश गर्ग ने मांग की कि जिन पात्र मतदाताओं ने एन्यूमरेशन फॉर्म जमा किया था और जिनके पास बीएलओ की रिसीविंग मौजूद है, उनके नामों को बिना अनावश्यक औपचारिकताओं के तत्काल ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल किया जाए।उन्होंने कहा कि ऐसे मतदाताओं को दोबारा फॉर्म-6 भरने के लिए परेशान नहीं किया जाना चाहिए। जिन लोगों ने पहले ही अपना फॉर्म जमा किया है और जिनके पास इसका प्रमाण है, उनके मामलों का जल्द समाधान किया जाना चाहिए।दिल्ली कांग्रेस ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी से आग्रह किया कि ऐसे सभी मतदाताओं के दस्तावेजों और रिकॉर्ड की जांच करके उनके नाम सूची में शामिल करने के लिए जरूरी कार्रवाई की जाए।

पुराने पते पर रहने वाले मतदाताओं के नाम भी शामिल किए जाएं

राजेश गर्ग ने बताया कि कई मतदाता आज भी अपने पुराने पते पर रह रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद उनके नाम ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल नहीं किए गए हैं।उन्होंने कहा कि जिन मतदाताओं ने एन्यूमरेशन फॉर्म जमा किया है और जो अब भी अपने पते पर रह रहे हैं, उनके मामलों की गंभीरता से जांच होनी चाहिए। किसी भी पात्र मतदाता का नाम बिना उचित कारण के सूची से बाहर नहीं रहना चाहिए।

बेघर नागरिकों के नाम भी मतदाता सूची में शामिल करने की मांग

बैठक में राजेश गर्ग ने बेघर नागरिकों के मताधिकार का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने मांग की कि सभी पात्र बेघर नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल करने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं।उन्होंने कहा कि किसी भी पात्र नागरिक को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने में अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए। संबंधित अधिकारियों को लागू नियमों के अनुसार ऐसे नागरिकों की मदद करनी चाहिए, ताकि वे भी अपने मतदान के अधिकार का इस्तेमाल कर सकें।पात्र मतदाताओं को उनके अधिकार से वंचित न किया जाए – दिल्ली कांग्रेस
दिल्ली कांग्रेस ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी से मांग की कि ड्राफ्ट मतदाता सूची में सामने आई सभी गड़बड़ियों की जांच की जाए और शिकायतों का जल्द समाधान किया जाए। कांग्रेस ने कहा कि जिन मतदाताओं ने एन्यूमरेशन फॉर्म जमा किया है और जिनके पास बीएलओ की रिसीविंग मौजूद है, उनके नाम शामिल करने के लिए उचित कार्रवाई होनी चाहिए। साथ ही, श्री देवेंद्र यादव के नाम पर बिना अनुमति ऑनलाइन फॉर्म-8 भरे जाने के मामले में भी विस्तृत जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। दिल्ली कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि किसी भी पात्र नागरिक को प्रक्रियागत लापरवाही के कारण मतदान के अधिकार से वंचित नहीं किया जाना चाहिए। मतदाता सूची में पारदर्शिता बनाए रखना और सभी पात्र मतदाताओं के नाम शामिल करना निर्वाचन प्रक्रिया की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *