
सरकार को इसकी जांच करानी चाहिए कि क्या हुआ, कैसे हुआ और क्यों हुआ- प्रियंका गांधी
‘श्रीराम मंदिर के लिए दान इकट्ठा करने का अभियान चलाने वालों की जिम्मेदारी थी कि वे उसे सुरक्षित रखते’
केरलम में अपने संसदीय क्षेत्र वायनाड के दौरे के दूसरे दिन प्रियंका गांधी ने विकास से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में हिस्सा लिया
नई दिल्ली, 27 जून
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने अयोध्या के श्रीराम मंदिर में दान-चढ़ावे की चोरी के मामले को बेहद दुखद और शर्मनाक बताते हुए सरकार से इसकी जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने श्रीराम मंदिर के लिए दान इकट्ठा करने का अभियान चलाया था, उनकी जिम्मेदारी थी कि वे उसे सुरक्षित रखते।
अपने संसदीय क्षेत्र वायनाड के दौरे के दूसरे दिन शनिवार को पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए सांसद प्रियंका गांधी ने कहा कि भगवान श्रीराम में आस्था रखने वाले देशभर के लोगों ने अपनी गाढ़ी कमाई से दान दिया था और अब वह चोरी हो गया है।
प्रियंका गांधी ने कहा, ‘‘जब चंदा इकट्ठा करने के लिए इतना बड़ा अभियान चलाया गया था, तो इसे सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी भी उन्हीं की थी। सरकार को इसकी जांच करानी चाहिए कि क्या हुआ, कैसे हुआ और क्यों हुआ।”
अपने वायनाड दौरे के दौरान शनिवार को सांसद प्रियंका गांधी ने क्षेत्र के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में भी हिस्सा लिया। उन्होंने बच्चों के बेहतर पोषण, स्वास्थ्य और शुरुआती शिक्षा के लिए कलपेट्टा और सुल्तान बथेरी क्षेत्र में आधुनिक सुविधाओं से लैस ‘स्मार्ट आंगनवाड़ी’ केंद्रों का उद्घाटन किया। वायनाड कलेक्ट्रेट में आयोजित जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में भाग लेकर उन्होंने क्षेत्र की विकास परियोजनाओं की समीक्षा की। इसके अलावा मेप्पडी के सरकारी स्कूल के छात्रों की सुविधा के लिए उन्होंने एक नई स्कूल बस को झंडी दिखाकर रवाना भी किया। अंत में उन्होंने कलपेट्टा में वायनाड जिला कांग्रेस कमेटी के मंडल अध्यक्षों के साथ बैठक की।