
मंत्री प्रवेश साहिब सिंह और मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने अंबेडकर चौपाल और हरिजन चौपाल के पुनर्निर्माण कार्यों का किया शिलान्यास
नई दिल्ली, 27 मई 2026
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में राजधानी में विकास कार्यों को लगातार गति दी जा रही है। दिल्ली सरकार “विकसित भारत – विकसित दिल्ली” के विजन को आगे बढ़ाते हुए राजधानी के हर क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने का काम कर रही है। इसी दिशा में बुधवार को राजौरी गार्डन विधानसभा क्षेत्र के ख्याला गाँव में अंबेडकर चौपाल और हरिजन चौपाल के पुनर्निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया गया। इस कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री प्रवेश साहिब सिंह और कैबिनेट मंत्री एवं स्थानीय विधायक मनजिंदर सिंह सिरसा ने संयुक्त रूप से आधारशिला रखी। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहे। वर्षों पुरानी मांग पूरी होने से लोगों में खुशी ख्याला गाँव के लोग लंबे समय से एक बेहतर और सुविधाजनक सामुदायिक केंद्र की मांग कर रहे थे। गांव के लोगों को सामाजिक, सांस्कृतिक और सार्वजनिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए उचित स्थान की कमी का सामना करना पड़ता था। विवाह समारोह, सामाजिक बैठकों और अन्य आयोजनों के लिए लोगों को परेशानी उठानी पड़ती थी। अब अंबेडकर चौपाल और हरिजन चौपाल के पुनर्निर्माण से स्थानीय लोगों को आधुनिक और व्यवस्थित सामुदायिक स्थल मिल सकेगा। इससे गांव के सामाजिक जीवन को मजबूती मिलेगी और लोगों को बेहतर सुविधाएं प्राप्त होंगी।
करोड़ों रुपये की लागत से होंगे निर्माण कार्य
दिल्ली सरकार द्वारा इन दोनों परियोजनाओं पर करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं। अंबेडकर चौपाल का निर्माण लगभग 1.33 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से किया जाएगा, जबकि हरिजन चौपाल परियोजना पर करीब 1.08 करोड़ रुपये खर्च होंगे। सरकार का कहना है कि इन परियोजनाओं का उद्देश्य केवल भवन निर्माण नहीं बल्कि लोगों को बेहतर सार्वजनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि क्षेत्र के सामाजिक और सांस्कृतिक जीवन को मजबूती मिल सके।
“जनता को सीधे लाभ पहुंचाने वाली योजनाओं को प्राथमिकता” – मनजिंदर सिंह सिरसा
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री और स्थानीय विधायक मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि ख्याला गाँव में अंबेडकर चौपाल और हरिजन चौपाल की आधारशिला रखा जाना क्षेत्र के विकास की दिशा में बड़ा कदम है। उन्होंने कहा कि ये सामुदायिक केंद्र स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करेंगे और सामाजिक कार्यक्रमों के लिए व्यवस्थित स्थान उपलब्ध कराएंगे। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार उन सभी परियोजनाओं को प्राथमिकता दे रही है, जिनसे सीधे जनता को लाभ मिले। सिरसा ने कहा कि चौपालों के पुनर्निर्माण के साथ-साथ ख्याला गाँव में पीने के पानी की नई पाइपलाइन, सीवर लाइन और सड़कों के निर्माण का कार्य भी तेजी से चल रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार दिल्लीवासियों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है।
राजौरी गार्डन में तेजी से चल रहे विकास कार्य
मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने बताया कि राजौरी गार्डन विधानसभा क्षेत्र में सड़कों, सीवर लाइनों, स्ट्रीट लाइटों, श्मशान घाटों और पानी की पाइपलाइनों से जुड़े विकास कार्य पूरी गति से आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब राजौरी गार्डन में कोई भी सड़क या सर्विस लेन ऐसी नहीं बची है, जहां पुनर्निर्माण कार्य शुरू न किया गया हो। उन्होंने दावा किया कि जिन सड़कों और नागरिक सुविधाओं की वर्षों तक उपेक्षा की गई, अब उन्हें नई पहचान दी जा रही है। उन्होंने कहा, “विकसित भारत का सपना तभी पूरा होगा जब दिल्ली विकसित होगी और विकसित दिल्ली का निर्माण विकसित राजौरी गार्डन से ही संभव है।”
दिल्ली जल बोर्ड की 50 करोड़ रुपये की परियोजना
कार्यक्रम में मौजूद कैबिनेट मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने क्षेत्र में चल रही दिल्ली जल बोर्ड की परियोजनाओं की समीक्षा भी की। उन्होंने बताया कि राजौरी गार्डन क्षेत्र में सीवेज और पेयजल सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगभग 50 करोड़ रुपये की लागत से नई पाइपलाइन और सीवर लाइन बिछाने का कार्य जारी है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य लोगों को स्वच्छ पेयजल और बेहतर सीवेज व्यवस्था उपलब्ध कराना है, ताकि नागरिकों को मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान न होना पड़े।
“गांव के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम” – प्रवेश साहिब सिंह
कैबिनेट मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने कहा कि अंबेडकर चौपाल और हरिजन चौपाल का निर्माण गांव के विकास, सामाजिक भागीदारी और सार्वजनिक सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि सरकार गांवों और कॉलोनियों में रहने वाले लोगों की जरूरतों को समझते हुए विकास योजनाएं लागू कर रही है। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार का लक्ष्य केवल बड़े प्रोजेक्ट बनाना नहीं बल्कि हर नागरिक तक विकास पहुंचाना है। उन्होंने यह भी कहा कि स्थानीय विधायक और कैबिनेट मंत्री श्री मनजिंदर सिंह सिरसा के साथ मिलकर क्षेत्र के विकास को नई गति दी जा रही है।
राजौरी गार्डन के विकास के लिए 100 करोड़ रुपये आवंटित
मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने बताया कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार ने राजौरी गार्डन विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्यों के लिए लगभग 100 करोड़ रुपये की राशि आवंटित की है। इस राशि का उपयोग सड़कों के पुनर्निर्माण, सीवर लाइनों, पानी की पाइपलाइनों, स्ट्रीट लाइटिंग और अन्य नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने में किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में राजौरी गार्डन को राजधानी के सबसे विकसित और आधुनिक क्षेत्रों में शामिल करने का लक्ष्य रखा गया है।
स्थानीय लोगों ने जताया सरकार का आभार
कार्यक्रम में मौजूद स्थानीय लोगों ने सरकार और जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया। लोगों ने कहा कि लंबे समय से चौपालों के पुनर्निर्माण की मांग की जा रही थी और अब सरकार द्वारा इस दिशा में कदम उठाए जाने से क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। स्थानीय निवासियों ने उम्मीद जताई कि इन विकास कार्यों के पूरा होने के बाद ख्याला गाँव और राजौरी गार्डन क्षेत्र की तस्वीर पूरी तरह बदल जाएगी और लोगों को बेहतर जीवन सुविधाएं मिलेंगी।