दिल्ली भाजपा अध्यक्ष श्री वीरेन्द्र सचदेवा ने आज दिल्ली नगर निगम की वार्ड समितियों और स्थायी समिति के चुनाव परिणामों को लेकर आमआदमी पार्टी पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि इन नतीजों ने यह साबित कर दिया है कि आम आदमी पार्टी न केवल जन समर्थन खो चुकी है, बल्कि उसके अपने निर्वाचित जन प्रतिनिधि और पदाधिकारी भी अब पार्टी से दूरी बना रहे हैं।
8 चेयरमैन, 9 डिप्टी चेयरमैन सीटों पर भाजपा का कब्जा
श्री सचदेवा ने बताया कि दक्षिणी दिल्ली सहित 8 निगम क्षेत्रों में चेयरमैन और रोहिणी समेत 9 क्षेत्रों में डिप्टी चेयरमैन पद पर भाजपा की जीत आमआदमी पार्टी के अंदर गहराते असंतोष का स्पष्ट संकेत है। उन्होंने कहा कि स्थायी समिति में एक अतिरिक्त सदस्य की जीत इस बात का सबूत है किपार्टी के भीतर नेतृत्व के प्रति विश्वास टूट रहा है।
स्थायी समिति में अगली जीत का भरोसा
भाजपा अध्यक्ष ने दावा किया कि कल होने वाले स्थायी समिति के 11वें सदस्य के चुनाव में भी भाजपा की जीत तय है। उन्होंने कहा कि भाजपा शीघ्रही स्थायी समिति के चेयरमैन का चुनाव करवाएगी और निगम प्रशासन को सक्रिय करते हुए रुके हुए विकास कार्यों को गति देगी।