भाजपा के अटल स्मृति सम्मेलन में 31 दिसंबर को क्षेत्रीय अध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य के सामने संगठन की गुटबाजी सतह पर आ गई। हैबिटेट सेंटर में आयोजित इस कार्यक्रम में महानगर अध्यक्ष व कुछ कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की हो गई। उनके गनर ने रोकने का प्रयास किया तो उसके साथ हाथापाई और मारपीट हो गई। आरोप उसे थप्पड़ जड़ने का भी लग रहा है। बाद में अन्य नेताओं के गनरों व नेताओं के बीच बचाव करने पर मामला शांत हुआ। दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर धक्का-मुक्की और मारपीट करने का आरोप लगाया है। सिपाही ने मामले में एसएसपी को लिखित शिकायत दे दी है। घटनाक्रम के अनुसार मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय अध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य हैबिटेट सेंटर स्थित ऑडिटोरियम में जाने से पहले पांचवें माले पर थे, जब वे ऑडिटोरियम में जाने लगे तो अनुसूचित मोर्चा कार्यकर्ता राकेश सहाय और कुछ अन्य कार्यकर्ताओं ने उनके साथ फोटो खिंचवाने का प्रयास किया। तभी महानगर अध्यक्ष इंजीनियर राजीव शर्मा का धक्का लगने पर उनमें तड़का- भड़की हो गई। इसके बाद जब मंच पर कार्यक्रम चल रहा था, तब राकेश सहाय, पूर्व मंडल अध्यक्ष संजय शर्मा, गोरांग तिवारी आदि कार्यकर्ता मंच पर क्षेत्रीय अध्यक्ष का स्वागत करने के लिए जाने लगे, तभी उन्हें महानगर अध्यक्ष ने रुकने का इशारा किया। महानगर अध्यक्ष के गनर ने उन्हें मंच पर चढ़ने से रोक दिया। इस पर यहां भी धक्का-मुक्की के हालात बन गए, किसी तरह उस समय भी बात संभली, लेकिन गनरों को कार्यक्रम से बाहर करने की आवाज उठने लगी।
इसी बात पर दोनों में जमकर बहस हो गई
इसके बाद कार्यक्रम समाप्त होने पर सभी लोग नीचे आ गए। अब उन्हीं कार्यकर्ताओं ने फिर से क्षेत्रीय अध्यक्ष के गाड़ी में सवार होने से पहले फोटो खिंचवाने का प्रयास किया। आरोप है कि उस समय उनकी महानगर अध्यक्ष से धक्का-मुक्की हो गई और विवाद बढ़ गया। दोनों गुटों में गरमा-गरमी होने लगी। इसी बीच जब उनका सिपाही (गनर) अनूप कुमार बीच में आए तो उनसे भी धक्का-मुक्की हुई। आरोप है कि बात इतनी बढ़ गई कि राजीव शर्मा के क्षेत्रीय अध्यक्ष संग गाड़ी में सवार होने के बाद भीड़ में कुछ कार्यकर्ताओं ने गनर अनूप संग हाथापाई करते हुए थप्पड़ तक जड़ दिए गए। अन्य गनर व कुछ नेताओं ने बीचबचाव कर मामला शांत कराया। इस घटनाक्रम के बाद ज्यादातर नेता अपनी अपनी गाडिय़ों में सवार होकर चले गए। तभी वहां महानगर अध्यक्ष खेमे की महिला नेता व महानगर के एक मंडल की उपाध्यक्ष ने मारपीट करने वालों पर शराब पीकर आने का आरोप लगा दिया। कुछ कार्यकर्ताओं ने उसकी यह टिप्पणी सुन ली तो तीखा जवाब दे दिया। इसी बात पर दोनों में जमकर बहस हो गई। उसे भी कुछ लोगों ने शांत कराया।
क्षेत्रीय अध्यक्ष के सामने विषय रख दिया
इस घटनाक्रम की खबर पर उसी समय सिविल लाइंस पुलिस वहां पहुंच गई थी। देर शाम गनर अनूप ने महानगर अध्यक्ष इंजी.राजीव शर्मा संग एसएसपी से मुलाकात की। अनूप ने एसएसपी को पूरा विषय बताते हुए लिखित में शिकायत दी है। इसमें राकेश सहाय व उसके कुछ साथियों पर हाथापाई और धक्कामुक्की करने का आरोप लगया गया है। एसएसपी नीरज जादौन ने बताया कि महानगर अध्यक्ष ने घटना की जानकारी दी है। सिपाही ने भी लिखित में शिकायत दी है। इसकी जांच कराई जा रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जो स्थिति पाई जाएगी, उसी अनुसार कार्रवाई की जाएगी। महानगर अध्यक्ष इंजी.राजीव शर्मा का कहना है कि राकेश सहाय ने कार्यक्रम में आगे-पीछे आने पर कई बाद धक्का मुक्की की। ये सब उन्होंने किस वजह से किया, ये तो नहीं कहा जा सकता। मगर जब गनर ने उन्हें रोका तो गनर के साथ भी उन्होंने साथियों संग हाथापाई कर दी। यह वरिष्ठ नेताओं व अतिथियों के सामने पार्टी की नीतियों के खिलाफ किया गया कृत्य है। कुछ नेताओं का इशारा होना संभव है। हमने क्षेत्रीय अध्यक्ष के सामने विषय रख दिया है। बाकी पार्टी परिवार का मामला है। इसलिए कोई शिकायत करने का मतलब नहीं है।