"National   Voice  -   खबर देश की, सवाल आपका"   -    *Breaking News*   |     "National   Voice  -   खबर देश की, सवाल आपका"   -    *Breaking News*   |     "National   Voice  -   खबर देश की, सवाल आपका"   -    *Breaking News*   |    

आशीष सूद जी, हम छोटे लोग नहीं हैं, पैसे से गरीब हैं लेकिन दिल से अमीर हैं- सौरभ भारद्वाज

नई दिल्ली, 04 जनवरी 2026

आम आदमी पार्टी ने रविवार को भाजपा के शिक्षा मंत्री आशीष सूद द्वारा विधायक संजीव झा और कुलदीप कुमार की गरीबी का मजाक उड़ाने वाले बयान पर “बीजेपी की छोटी सोच” कैंपेन चलाया। सोशल मीडिया पर चलाए गए कैंपेन के दौरान “आप” दिल्ली प्रदेश संयोजक सौरभ भारद्वाज, विधायक संजीव झा समेत तमाम नेताओं मंत्री आशीष सूद और भाजपा पर जमकर हमला बोला। इस कैंपेन को दिल्ली की जनता का भी जबरदस्त समर्थन मिला। सौरभ भारद्वाज ने कैंपेन की कई वीडियो सोशल मीडिया एक्स पर साझा कर मंत्री आशीष सूद से कहा कि आशीष सूद जी, हम छोटे लोग नहीं हैं। पैसे से गरीब हैं, लेकिन दिल से अमीर हैं। उन्होंने कहा कि आशीष सूद का “छोटे इलाके के बड़े-बड़े प्रवक्ता बने घूम रहे हैं” बयान भाजपा की असल मानसिकता को दर्शाता है।

उधर, बुराड़ी से आम आदमी पार्टी के विधायक सानिज्व झा ने कहा कि आशीष सूद का बयान बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। आशीष सूद जो कह रहे हैं, वह भाजपा की मानसिकता को दर्शाता है। आशीष सूद का कहना है कि छोटे-छोटे इलाकों से विधायक जीतकर या नेता आते हैं और बड़े-बड़े प्रवक्ता बन जाते हैं। संजीव झा ने कहा कि मैं बुराड़ी विधानसभा का प्रतिनिधित्व करता हं। वहां लोग गरीब जरूर हैं और कच्ची कॉलोनियों में रहते हैं, लेकिन वे छोटे नहीं हैं।

संजीव झा ने सवाल किया कि हम उनसे छोटे कैसे हो सकते हैं? आशीष सूद पहली बार जीतकर आए हैं, जबकि मैं चौथी बार जीतकर आया हूं। आशीष सूद को जितने वोट मिले हैं, उतनी मेरी जीत का मार्जिन है। अगर जीत के क्रम में देखा जाए तो मैं उनसे बहुत बड़ा हूं और अगर जीत के मार्जिन को देखा जाए तो भी मैं उनसे बड़ा हूं।

संजीव झा ने पूछा कि मुझे ‘छोटे लोग’ कहने की मानसिकता क्या है? क्या इसलिए कि आशीष सूद कोठी में रहते हैं तो वे बड़े लोग हो गए और कच्ची कॉलोनी में रहने वाले लोग छोटे हो गए? क्या गरीब छोटे हैं या किराए पर रहने वाले लोग छोटे हैं? उन्होंने कहा कि दिल्ली में 70 फीसद लोग कच्ची कॉलोनियों में रहते हैं। अगर आशीष सूद उन्हें छोटा मानते हैं, तो यही लोग उन्हें उनकी असली जगह दिखा देंगे।

संजीव झा ने कहा कि इस तरह की बयानबाजी करके आशीष सूद पूर्वांचल के लोगों, गरीबों और कच्ची कॉलोनियों में रहने वालों का अपमान कर रहे हैं। यह कोई एक वाक्य या घटना नहीं है। उत्तराखंड सरकार में एक मंत्री के पति ने कहा कि वे बिहार से 25,000 रुपये में लड़कियां खरीदकर ले आएंगे और शादी करा लेंगे। यह इनके संस्कार हैं जो ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ की बात करते हैं।

संजीव झा ने दूसरा उदाहरण देते हुए कहा कि योगी आदित्यनाथ की पुलिस ने गाजियाबाद में एक चमत्कारी मशीन लगाकर बिहार के एक निवासी को बांग्लादेशी बता दिया, जबकि वह कह रहा था कि वह अररिया का रहने वाला है। मशीन के नाम पर उसे बांग्लादेशी बताया गया। यह नजरिया और सोच भाजपा की पूर्वांचल और बिहार के लोगों के प्रति है। यह उनकी मानसिकता को दर्शाता है और समय आने पर लोग इसका जवाब देंगे।

संजीव झा ने आगे एक्स पर एक वीडियो साझा करते हुए कहा कि हम कच्ची कॉलोनी में रहते हैं, लेकिन हम छोटे लोग नहीं हैं। वीडियो में एक “आप” कार्यकर्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार में शिक्षा मंत्री आशीष सूद चुनाव जीतने और सरकार में मंत्री पद मिलने के बाद इतने ज्यादा अहंकारी हो गए हैं कि अब वे जनता को भी छोटा बता रहे हैं। उन्होंने बुराड़ी विधानसभा के विधायक संजीव झा को कहा कि वे छोटे हैं, छोटी कॉलोनी से आते हैं और छोटे इलाके से आते हैं। उन्होंने कहा कि ये सब दिल्ली के छोटे-छोटे इलाकों में रहकर राषट्रीय प्रवक्ता बने घूम रहे हैं।

उधर, अमन विहार वार्ड से “आप” पार्षद रविंदर भारद्वाज ने एक्स पर एक वीडियो साझा करते हुए कहा कि आशीष सूद सुन लें, हम छोटे लोग नहीं बल्कि सच्चे लोग हैं। आशीष सूद ने जो बयान दिया है कि अनधिकृत कॉलोनियों और कच्ची कॉलोनियों में रहने वाले लोग या छोटे-छोटे इलाकों से आने वाले लोग ‘छोटे’ होते हैं, यह उनकी गंदी मानसिकता को दर्शाता है। यह भाजपा की गंदी मानसिकता और गलत सोच को प्रदर्शित करता है। उन्होंने इस बयान को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए आशीष सूद से कहा कि हम छोटे लोग नहीं हैं, बल्कि सच्चे लोग हैं।

शालीमार बाग-ए वार्ड से “आप” पार्षद जलज चौधरी ने कहा कि आशीष सूद ने कहा है कि छोटे एरिया से आकर लोग राष्ट्रीय प्रवक्ता बनकर घूमते हैं। आशीष सूद पहली बार विधायक बने हैं, जबकि जिनके लिए वे ऐसी बात बोल रहे हैं, वे चार बार के लोकप्रिय विधायक हैं और लाखों वोटों से जीतकर आते हैं। आशीष सूद की यह छोटी मानसिकता दिखाती है कि वे गांव और कॉलोनी में रहने वाले दिल्ली के लोगों से कितनी नफरत करते हैं। आम आदमी पार्टी के आने के बाद अरविंद केजरीवाल ने गरीब, कॉलोनी और गांव में रहने वाले लोगों को पार्षद और विधायक बनाया है। इन भाजपा वालों को इसी बात का दुख है। आज भाजपा के अंदर भी उनके कार्यकर्ता, जो कॉलोनी और गांव में रहते हैं, वे टिकट मांगते हैं। इन नेताओं को इसी बात का दुख है। लेकिन अरविंद केजरीवाल ने सही कहा था कि वे इनको राजनीति करना सिखा देंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *